Home Uncategorized मध्यप्रदेश में बड़ी ग्राम पंचायतों में खुलेंगे उप लोक सेवा केंद्र: मुख्यमंत्री...

मध्यप्रदेश में बड़ी ग्राम पंचायतों में खुलेंगे उप लोक सेवा केंद्र: मुख्यमंत्री श्री चौहान

362

मध्यप्रदेश में बड़ी ग्राम पंचायतों में खुलेंगे उप लोक सेवा केंद्र: मुख्यमंत्री श्री चौहान

अब खसरे की नकल भी 181 सेवा से लिंक होकर व्हाट्सएप पर मिल सकेगी
कोविड में माता-पिता को खोने वाले परिवारों के सदस्यों को मिले नियुक्ति-पत्र
माता-पिता को बच्चे के जन्म के समय ही जन्म प्रमाण-पत्र के साथ अब मिलेगा जाति प्रमाण-पत्र भी
अधिक पुख्ता होंगी महत्वपूर्ण नागरिक सेवाएँ, टेलीग्राम और कू एप पर भी ऑनलाइन सुविधा
राजस्व शुद्धिकरण पखवाड़े में दूर होंगी दस्तावेजों की विसंगतियाँ
वाहनों का फिटनेस, ड्राईविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, वाहन पंजीयन, दस्तावेजों की प्रमाणित नकल, चलित मोबाइल टॉयलेट, सैप्टिक टैंक, सीवेज सफाई, वाटर टैंक के लिए सेवाएँ अब निजी सेवा प्रदाताओं के माध्यम से भी
मिंटो हाल सभा कक्ष में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की जनकल्याण की नई घोषणाए

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में नागरिकों को मिल रही विभिन्न सेवाओं की व्यवस्था को और अधिक पुख्ता किया जाएगा।  इसके अंतर्गत लोक सेवा केंद्रों का विस्तार तहसील से आगे ग्राम पंचायत स्तर तक होगा। आने वाले एक साल में पाँच हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में उप लोक सेवा केंद्र स्थापित होंगे। नागरिकों को उनके द्वार पर सेवाएँ उपलब्ध करवाई जाएंगी। नागरिकों को खसरा की प्रति सिर्फ 10 रूपये प्रति पृष्ठ उपलब्ध करवाई जाएगी। यह सेवा 181 जनसेवा पर रजिस्टर्ड व्हाट्सएप नम्बर पर भी भेजने की सुविधा शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मिंटो हाल सभा कक्ष में 17 सितम्बर से प्रारंभ हुए  जनकल्याण और सुराज अभियान के समापन दिवस पर संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सिंगल क्लिक से सात नये पोर्टल और आठ लोक सेवा केंद्र प्रारंभ किए। सामान्य प्रशासन, नगरीय विकास, योजना एवं सांख्यिकी, गृह और ऊर्जा विभाग के नवीन पोर्टल प्रारंभ किए गए। इन पोर्टल से नागरिकों को मिलने वाली जन सुविधाएं बढ़ेंगी और उनके कार्य आसान होंगे। गृह विभाग के पोर्टल पर अब ई -एफआईआर हो सकेगी।

 ई-रुपी व्यवस्था ई-वाउचर के रूप में लागू होगी

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में “ई-रुपी” की व्यवस्था को ई-वाउचर के रूप में लागू किया जाएगा। आयुष्मान भारत के अंतर्गत मरीजों की उपचार राशि एवं छात्रवृत्ति के भुगतान के लिए “ई-रुपी” के माध्यम से सीधे हितग्राहियों को विशिष्ट प्रयोजन के उद्देश्य से कैश बेनिफिट ट्रांसफर किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 15 नवम्बर से 15 जनवरी 2022 तक हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ सभी हितग्राहियों को मिल रहा है या नहीं, इसे अभियान चलाकर सुनिश्चित किया जायेगा।

प्रधानमंत्री श्री मोदी बना रहे हैं वैभवशाली भारत

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर कार्य करते हुए 20 सफल वर्ष पूर्ण किए हैं। उन्होंने आम जनता के लिए पारदर्शी व्यवस्था शुरू की। हितग्राहियों के खाते में सीधे राशि भेजने की व्यवस्था से अनियमितताएं समाप्त हो गई हैं। सुराज का मतलब भी यही है कि निश्चित समय-सीमा में सेवाएँ प्राप्त हों। प्रधानमंत्री श्री मोदी वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली भारत के निर्माण में जुटे हैं। उन्होंने गुजरात मॉडल प्रस्तुत किया। वे विकास, सुराज और जनकल्याण की त्रिवेणी हैं। देश में उज्जवला योजना, किसानों को सम्मान निधि, सस्ता राशन, सभी को इलाज की सुविधा, गरीबों के लिए मकान, सार्वजनिक शौचालय व्यवस्था और स्वच्छता अभियान से आम जनता को लाभान्वित किया। मध्यप्रदेश में 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक सुराज अभियान में भिन्न- भिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।  

जिन्होंने खोया माता- पिता को, हम उनके साथ हैं

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना काल की आर्थिक दिक्कतों के बावजूद मध्यप्रदेश में 40 हजार करोड़ रूपये की राशि अधोसंरचना विकास एवं अन्य कार्यों व्यय की गई। कोविड से जिन बच्चों ने माता-पिता को खो दिया है वे खुद को अकेला न समझें। सरकार उनके साथ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज कोविड-19 बाल सेवा योजना में 282 बाल हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र प्रदान कर योजना की राशि उनके खाते में अंतरित की। साथ ही मुख्यमंत्री कोविड-19 अनुकम्पा नियुक्ति योजना में 239 पात्र हितग्राहियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश और आत्म-निर्भर भारत के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश इस कार्य में अपनी विशेष भागीदारी करेगा।